शामली शहर के मोहल्ला काजीवाड़ा में मकान में प्रतिबंधित पशु के अवशेष और मांस बरामद हु़आ है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गए। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर रोष व्यक्त करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। चार दिन में शहर में प्रतिबंधित पशु के कटान की यह दूसरी घटना है। बुधवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली कि काजीवाड़ा मोहल्ले में समीर के घेर में प्रतिबंधित पशु का कटान किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी भाग गए। पुलिस ने मौके से दो-तीन प्रतिबंधित पशु के अवशेष सिर, पैर और खाल और मांस बरामद हुआ। पुलिस की सूचना पर पशु चिकित्सक की टीम ने बरामद मांस के नमूने लिए। सूचना पर हिंदू संगठन के विशाल निर्वाल, अर्जुन, बंटी, गोविंदा, रितिक, नीरज, दिनेश, विक्की सैनी व दिवांशी आदि ने मौके पर पहुंचकर चार दिन में दूसरी बार प्रतिबंधित पशु का कटान होने पर रोष व्यक्त किया और चेतावनी दी कि अगर प्रतिबंधित पशु का कटान न रुका तो हिंदू संगठन के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विदित हो कि चार दिन पूर्व रविवार को मोहल्ला पंसारियान में बड़ी माता पुलिस चौकी के निकट एक घर की छत से प्रतिबंधित पशु के अवशेष और पांच किलो मांस बरामद हुआ था।