शाहजहांपुर में रोडवेज बस अड्डे जाने वाले प्रमुख मार्ग की हालत बदहाल है। सड़क किनारे बनी नाली का पानी निकासी न होने से सड़क पर जलभराव हो गया है। इससे पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आने लगा है और राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। जीएफ कॉलेज समेत आसपास के कई स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर भरे पानी के कारण उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के बीच जब बसें और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं तो गंदा पानी दुकानों तक पहुंच जाता है। इससे कपड़े और अन्य सामान खराब हो जाते हैं तथा ग्राहकों को भी असुविधा होती है। लोगों का आरोप है कि नाले से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं कराया गया। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने बताया कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी, साथ ही जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्थाएं कराएंगे।