शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के गांव संडा खास निवासी रमेश की 35 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी की बरेली के निजी अस्पताल में मौत हो गई। रविवार शाम परिजनों ने शव को कस्बे के एक निजी अस्पताल गेट पर रखकर हंगामा कर दिया। ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने अस्पताल में ताला लगाकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद परिजनों ने जाम खोला। रमेश ने बताया कि तीन जनवरी को प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी पुष्पा देवी को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल संचालक ने मरीज को खतरा बताकर ऑपरेशन की बात कही। रुपया जमा कराने के बाद दूसरे अस्पताल से सर्जन बुलाकर पत्नी का ऑपरेशन कराया। पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया। तीन दिन बाद डॉक्टर ने पत्नी की छुट्टी कर घर भेज दिया। घर पहुंचते ही पत्नी की हालत बिगड़ी तो अस्पताल संचालक से बात की। डॉक्टर ने मना करते हुए किसी अन्य जगह ले जाने की सलाह दी। इसके बाद पुष्पा को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच में पता चला कि पुष्पा की पेशाब की नली क्षतिग्रस्त होने के कारण गुर्दों पर भी असर पड़ा है। रमेश ने बताया कि 15 दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार रात पत्नी की मौत हो गई है। उन्होंने निगोही के अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।