शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर खुटार थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरकलां में चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर किराने की दुकान से 26 हजार की नकदी सहित एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। आशंका है कि चोर किसी वाहन में सामान रखकर ले गए हैं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। इस घटना से पुलिस गश्त की पोल खुल गई है। पीड़ित दुकानदार ऋषि कुमार की ओर से 26 हजार की नगदी सहित एक लाख रुपये का सामान चोरी होने की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। नगर उद्योग व्यापार मंडल रामपुरकलां के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने भी मौके पर पहुंच कर पुलिस से बात करते हुए चोरी की घटना पर रोष जताया है। उनका कहना है कि इससे पूर्व भी गांव रामपुरकलां में हाईवे पर दुकानों से कई बार चोरी हो चुकी है लेकिन पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।