शाहजहांपुर के कांट के एक बरातघर में बुधवार को भाजपा के ददरौल विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि रामपुर-बरेली के विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्षों के बल पर भाजपा ने घर-घर पहुंच बनाई है। इसलिए बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ बनकर एक बार फिर विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए सक्रिय हों। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों के सड़क, नाली, खड़ंजा आदि सभी कार्य वह अपनी विधायक निधि से कराने को तत्पर रहेंगे। पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि पहले जनता के धन का बंदरबांट करके सिर्फ कागजों पर विकास हो जाता था, लेकिन भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को गिनाया। सम्मेलन में भाजपा की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख महेश पाल, आनंद प्रताप सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर सत्यपाल सिंह, बृजमोहन सिंह राठौर, वैभव खन्ना, दिलीप वर्मा, श्याम बाबू दीक्षित, जयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।