शाहजहांपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से बृहस्पतिवार को अभ्युदय पथ संचलन निकाला गया। जो शहर के तीन स्थानों से प्रारंभ होकर खिरनीबाग चौराहा पर एकजुट होकर लोदीपुर स्थित एनटीआई के मैदान पर पहुंचा। पथ संचलन में आरएसएस के सैकड़ों स्वयंसेवकों का अनुशासन देखते ही बना। पथ संचलन में सभी स्वयंसेवक अपने हाथों में डंड लेकर चल कदमताल करते हुए चले। जिनका शहरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। एनटीआई के मैदान पर सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसकी स्थापना का उद्देश्य हिंदू समाज को एकत्रित करना था। डॉ. हेडगेवार का यह स्वप्न पूरा होता दिख रहा है। अब समाज के लोग हिंदू होने पर गर्व करने लगे हैं। इससे भारत भी उन्नति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अब समय की आवश्यकता है काम को बहुत तेजी से किया जाए, प्रत्येक गांव को शाखायुक्त बनाना है। जिससे अभी की स्थिति से आगे बढ़ा जा सके।