शाहजहांपुर के सीएमओ कार्यालय में बदल चुके पुराने जिला अस्पताल को फिर से शुरू कराने की मांग जोर पकड़ रही है। व्यापारियों ने शनिवार को डीएम को ज्ञापन देकर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू करने की मांग की। वर्ष 2000 तक जिला अस्पताल शहर के अंदर संचालित होता था। इसके बाद जिला अस्पताल को बरेली मोड़ स्थित नई बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया था। पुराने जिला अस्पताल को सीएमओ कार्यालय में तब्दील कर दिया गया था। 2018-19 में जिला अस्पताल को राजकीय मेडिकल कॉलेज का दर्जा मिल गया। इसके बाद से सीएमओ कार्यालय में फिर से अस्पताल बनाने की मांग उठने लगी है। शनिवार को उप्र उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद कुमार को दिया। महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज शहर के लोगों को काफी दूर पड़ता है। सिंधौली, पुवायां, खुटार, बंडा से आने वाले मरीजों को शहर के जाम से निकलकर मेडिकल कॉलेज पहुंचने में काफी समय लगता है। लोगों के समय और धन की बर्बादी होती है। सीएमओ कार्यालय को जिला अस्पताल बनाने से बेड की संख्या भी बढ़ेगी। शुरुआत में आधुनिक सुविधाओं के साथ 151 बेड का अस्पताल बनाया जा सकता है। शहर के मध्य में अस्पताल होने से इमरजेंसी की स्थिति में लोगों को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल जाएगी।