शाहजहांपुर के कांट में अमावस्या तिथि रविवार को यहां के माता शीतला देवी के प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं का परंपरागत मेला लगा। इस अवसर पर महिलाओं ने बड़ी संख्या में देवी दर्शन किए और पूजन कर परिवार की खुशहाली व सुख समृद्धि की मनौतियां मांगी। मेले में नगर व आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्त्री-पुरुष माता के दरबार में जयकारे लगाते हुए पहुंचे। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महंत पंडित योगेश शर्मा ने बताया कि मां शीतला देवी का यह मंदिर बहुत प्राचीन है। मान्यता है कि इस मंदिर पर जो भी श्रद्धालु श्रद्धा से पूजा अर्चना करने आते हैं, माता उन्हें कभी भी अपने दरबार से खाली हाथ निराश नहीं भेजती हैं। तमाम परिवार अपने बच्चों का अन्नप्राशन, मुंडन संस्कार आदि मांगलिक कार्य कराते हैं। मेले में महिलाओं ने घर-गृहस्थी के लिए उपयोगी वस्तुओं सहित शृंगार की सामग्री खरीदी, जबकि बच्चों ने चाट-पकौड़ी और जलेबी का आनंद लिया।