शाहजहांपुर में विधान परिषद के सदस्य डॉ.महेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्र को जानने व समझने का मार्ग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से होकर गुजरता है। संघ ने भारत को अनेक महान व्यक्तित्व दिए हैं। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह की शालीनता, सज्जनता व विद्वता अकल्पनीय, अवर्णनीय व अकथनीय थी। उनके जीवन का हर एक क्षण भारत माता को समर्पित था। वह मुमुक्षु आश्रम परिसर में प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) की जयंती पर आयोजित गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति सजगता, सामाजिक समरसता व नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन की महती जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से पंचप्रण का पालन करने का आह्वान किया। संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने कहा कि रज्जू भैया ने अपने भौतिक संसाधनों को राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में अनेक भाषाएं व बोलियां हैं। इसके बावजूद भारतीयता की भावना संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधती है। विश्व तभी बचेगा जब सनातन धर्म बचेगा। ददरौल के विधायक अरविंद सिंह, कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस, संघ के विभाग प्रचारक रवि प्रकाश ने विचार रखे। डॉ. आलोक कुमार सिंह के संयोजन में हुए कार्यक्रम में सचिव डॉ. अवनीश मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो.आरके आजाद, डॉ.जयशंकर ओझा, डॉ. प्रभात शुक्ला, कविता भटनागर, जिला शारीरिक प्रमुख मोहन, डॉ. शिशिर शुक्ला आदि मौजूद रहे।