शाहजहांपुर के वार्ड संख्या 22 के एमनजई, जलाल नगर और निसरजई बस्ती में अधूरे और क्षतिग्रस्त नाले के कारण बरसात का पानी सड़कों और गलियों में भर गया है। जलभराव से लोगों का घरों से निकलना तक दूभर हो गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रवासी मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे। मोहल्ले वालों के अनुसार,चौकी अशफाक नगर से ढाका तालाब तक जाने वाला नाला कई स्थानों से टूटा हुआ है। करीब चार किलोमीटर लंबे इस नाले का निर्माण अधूरा पड़ा है, जबकि लगभग दो किलोमीटर हिस्सा अब भी कच्चा है। नाले की नियमित सफाई नहीं होने से उसमें झाड़ियां भर गई हैं, जिससे बरसात का पानी ढाका तालाब तक पहुंचने के बजाय एमनजई जलाल नगर और निसरजई बस्ती में फैल रहा है। रविवार रात हुई बारिश के चलते लोगों के मकानों के सामने जल भराव हो गया है। जिससे लोगों को दुश्वारी आ रही है।