बरेली में रविवार से हो रही लगातार बारिश के चलते शहर की व्यवस्था पटरी से उतर गई। कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सावन के तीसरे सोमवार पर मंदिरों में पहुंचने वाले श्रद्धालु भी जलभराव और कीचड़ के कारण परेशान रहे। रेलवे स्टेशन मार्ग पर सड़क की खोदाई के चलते पहले से ही कीचड़ की स्थिति बनी हुई थी। बारिश के बाद यहां जलभराव होने से राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई। रोडवेज बस अड्डे के पास भी सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन गई। इसके अलावा घंटाघर, अंटा, लाल इमली और टाउन हॉल क्षेत्र में भी जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।