शाहजहांपुर के मोहल्ला लोधीपुर में आस्ताने आलिया हजरत बूलन शाह का 314 वां सालाना उर्स-ए-मुबारक का आगाज हो गया। दूसरे दिन दरगाह पर गुलपोशी व चादरपोशी की गई। बृहस्पतिवार को कुलशरीफ होगा। बुधवार को दोपहर में गागरपोशी व चादरपोशी की रस्म अदा की गई। लोगों ने अकीदत के साथ दरगाह पर कव्वाली के बीच मजार पर चादर चढ़ाई। इस दौरान गुलपोशी भी की गई। कव्वालों ने अपने कलाम पेश किए। मुतावल्ली व सज्जादानशीन हाजी मोहम्मद सईद व हाजी अब्दुल रहमान ने बताया कि बृहस्पतिवार को फजिर की नमाज के बाद कुरआन ख्वानी व सुबह दस बजे फातिहा होगी। शाम में मगरिब की नमाज के बाद कुलशरीफ व रात में कव्वाली होगी। उर्स को देखते हुए मेला भी लगाए गए। मेले में लोगों ने खरीदारी की। हलुवा पराठा की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही।