शाहजहांपुर के गोविंदगंज उपकेंद्र पर मंगलवार को पैनल बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया। इसके चलते पूरे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति दोपहर 12 बजे से बंद रहा। बिजली जाने से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार की दोपहर में शट डाउन लेकर कार्य शुरू कराया। इस बीच डीएम कंपाउंड, गोविंदगंज, टाउन हॉल समेत छह फीडरों की आपूर्ति को बंद कर दिया गया। बिजली जाने से कड़ाके की सर्दी में लोगों के घरों में अंधेरा हो गया। लोगों के इंवर्टर भी डाउन हो गए। जेई कफील अहमद ने बताया कि पुराने पैनल को हटाकर दूसरे लगाए जाएंगे। रात आठ बजे तक बिजली की आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।