शाहजहांपुर में पलिया-लखनऊ हाईवे पर सिंधौली के गांव कोरोकुइयां के पास संपर्क मार्ग न बनाए जाने से नाराज लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट गेट पर राष्ट्रीय हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) का पुतला दहन किया। लोगों का कहना था कि संपर्क मार्ग न बनने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायत के बावजूद एनएचएआई ध्यान नहीं दे रहा। संपर्क मार्ग बनवाए जाने के लिए कोरोकुइयां गांव के रहने वाले लोग पिछले कई दिनों से विरोध जता रहे हैं। धरना-प्रदर्शन और घेराव के बाद भी जब बात नहीं बनी तो हिंदूवादी नेता राजेश अवस्थी के नेतृत्व में लोग सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर एनएचएआई के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र पटवा, अमन, रमेश, गोविंद, ऋतिक, अनमोल आदि मौजूद रहे।