शाहजहांपुर की प्रसिद्ध एवं प्रतिष्ठित फैक्टरी इस्टेट श्रीरामलीला व प्रदर्शनी का शुक्रवार को श्री गणेश पूजा के साथ प्रारंभ हो गया। शनिवार से रामलीला में मंचन शुरू होगा। यहां पर मेला भी सज गया है। शाम करीब सात बजे मुख्य अतिथि महिला कल्याण समिति ओसीएफ की अध्यक्ष रितु वर्मा ने श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी के मुख्य द्वार पर श्रीगणेश पूजन किया। उन्होंने फीता काटकर फैक्टरी स्टेट श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्य महाप्रबंधक राजेश वर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने मंच पर विधिवत पूजा-अर्चना की। रितु वर्मा ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि श्रीरामलीला मात्र एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। इस मौके पर संरक्षक एम. शिवशंकर, अध्यक्ष चंद्रशेखर, महासचिव ऋषि बाबू, सचिव राम मोहन अग्निहोत्री, अपर महासचिव देवेश कुमार व अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन गोविंद वाजपेयी ने किया।