शाहजहांपुर। करवाचौथ का त्योहार बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। त्योहार की पूर्व संध्या पर बुधवार को बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। मेहंदी लगवाने से लेकर साड़ी, चूड़ी, शृंगार सामग्री, करवा और आभूषण की खरीदारी देर रात तक होती रही। ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ लगी रही। दोपहर बाद बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। अधिकांश ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं ने पहले ही स्लॉट बुक करा लिए थे। चूड़ी वाली गली में मेहंदी लगवाने के लिए भीड़ रही। मेहंदी कारीगरों ने अतिरिक्त स्टाफ लगाया था। एक साथ 10 से 15 महिलाओं के हाथों में मेहंदी लगाई जा रही थी। मेहंदी कारीगर अनुज गुप्ता ने बताया कि साधारण मेहंदी 60 से 100 रुपये प्रति कलाई लगाई जा रही है। इस बार मारवाड़ी और राजस्थानी मेहंदी की मांग अधिक रही। साड़ी की दुकानों पर भी सामान्य दिनों से अधिक भीड़ रही। करवाचौथ स्पेशल साड़ियों की कीमत दो हजार रुपये से शुरू हुई। राजस्थानी लुक, बनारसी सिल्क और अजरक जयपुरी प्रिंट की साड़ियों की भी मांग रही। सहालग को देखते हुए महिलाओं ने पार्टीवियर सूट भी खरीदे। पुरुषों ने भी पत्नियों के लिए उपहार खरीदे। किसी ने साड़ी तो किसी ने ज्वैलरी का सेट लिया। आर्टिफिशियल ज्वैलरी की भी खूब बिक्री हुई। वहीं करवाचौथ के व्रत को लेकर जलेबी और इमरती की मांग भी बढ़ी। सदर बाजार, जलालनगर बजरिया और लाल इमली चौराहा समेत कई स्थानों पर मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति भी बनी। सदर बाजार, टाउन हॉल समेत कई इलाकों में कार, ई-रिक्शा और बाइक फंसने से लोगों को परेशानी हुई।