शाहजहांपुर में ग्राम सहायकों ने सोमवार को मानदेय कटौती के विरोध में व मानदेय बढ़ाने की मांग करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सहायकों ने कम से कम 10000 रुपये सैलरी किए जाने की मांग उठाई। ग्राम सहायकों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन में बताया कि जिले में नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्रामों में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) में पानी टंकी, बाउंड्री वॉल, पाइपलाइन और कनेक्शन की देखभाल के लिए ग्राम सहायकों के तौर पर 10000 रुपये सैलरी पर रखा गया था। सभी लोगों से कंपनी द्वारा कहा गया था कि गांव में ही रोजगार मिल रहा है, लेकिन अब 4500 मानदेय देने की बात कह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि उनके भविष्य के साथ कंपनी खिलवाड़ कर रही। सभी ग्राम सहायकों ने तीन वर्षों तक कंपनी में कार्य किया। अब कंपनी सैलरी बढ़ाने की जगह पर कम कर रही है। कहा कि 4 महीने से वेतन भी होल्ड कर दिया गया। ज्ञापन देने वालों में प्रमोद कुमार, एस देव यादव, महिपाल, राजेश, अनिल कुमार, सौरभ सिंह, भाईलाल आदि मौजूद रहे।