शाहजहांपुर में आर्य महिला डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रैली निकाली। कार्यक्रम अधिकारी ऋतु शर्मा व डॉ.रानू दुबे ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर नमन किया। इसके बाद शिविर स्थल निरंकारी भवन में साफ-सफाई की गई। छात्राओं ने अहमदपुर रेती व लोक विहार कॉलोनी रेती में स्वच्छता जन-जागरुकता अभियान के अंतर्गत रैली निकाली। स्वयंसेविकाएं हाथों में स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखीं तख्तियां लेकर नारे लगाते हुए चल रहीं थीं। स्वयंसेवियों ने टोलियों के रूप में घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। दूसरे सत्र में महिला कल्याण विभाग से आई अमृता दीक्षित ने स्वयंसेविकाओं को विभागीय जानकारी दी। लायंस सहेली क्लब अध्यक्ष पदमा गुप्ता, प्रतिमा शुक्ला,सोनल त्रिपाठी, रमन गुप्ता ने स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।