शाहजहांपुर में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक रविवार को राजीव भवन, टाउन हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने व आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कटरा नगर पंचायत उपचुनाव में पार्टी की हार की समीक्षा करते हुए इसके कारणों पर चर्चा की और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने संगठन सृजन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वक्ताओं ने निष्क्रिय पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने व सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना आवश्यक है। इसके लिए फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के सहयोग से बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय बनाया जाएगा। बैठक में अनूप वर्मा, फुरकान अहमद कुरैशी, रफी उल हसन आदि मौजूद रहे।