सेंट्रल बार एसोसिएशन ने शाहजहांपुर न्यायालय को इलाहाबाद उच्च न्यायालय की खंडपीठ लखनऊ से जोड़ने की मांग करते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को दिया। इसमें बताया गया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय शाहजहांपुर से करीब 400 किमी दूर है। इस वजह से वादकारियों और अधिवक्ताओं को वहां जाने में काफी परेशानी होती है। उच्च न्यायालय इलाहाबाद जाने के लिए लखनऊ खंडपीठ से होकर गुजरना पड़ता है। वर्ष 1986 तक जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट ने निकटता के आधार पर शाहजहांपुर को उच्च न्यायालय इलाहाबाद की खंडपीड लखनऊ से जोड़ने की रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसके बाद भी शाहजहांपुर को लखनऊ खंडपीठ से नहीं जोड़ा गया। प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं की हत्याओं और हमलों को देखते हुए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। इस दौरान महासचिव राजेश अवस्थी, अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेंद्र कुमार मिश्र, वीरेंद्र मिश्र, वैभव श्रीवास्तव, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।