अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर हुए सुंदरीकरण कार्य ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की दुश्वारियां बढ़ा दी। स्टेशन भवन के सुंदरीकरण के दौरान कई कार्यालयों की हवादार खिड़कियों को बंदकर उन पर शीशे लगा दिए गए हैं। इससे प्राकृतिक हवा का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। भीषण गर्मी व उमस के बीच कार्यालयों में बैठना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि बंद कार्यालयों में उमस के कारण लंबे समय तक काम करना कठिन हो रहा है। इस समस्या से अधिकारी भी जूझ रहे हैं और कई कार्यालयों में कामकाज प्रभावित होने लगा है। इस मुद्दे को हाल ही में दौरे पर आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय के समक्ष भी उठाया गया था। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के वरिष्ठ नेता नरेंद्र त्यागी ने बताया कि समस्या के समाधान की मांग को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया गया है। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि कार्यालयों में बढ़ी उमस और कर्मचारियों की परेशानी से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इस संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।