शाहजहांपुर को चार जोन में बांटकर सफाई व्यवस्था के लिए टेंडर करने के विरोध में नगर निगम के सफाईकर्मियों ने खिरनीबाग चौराहे पर जाम लगा दिया। सड़क पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर धरने के कारण मुख्य चौराहे पर जाम लग गया। सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने नगर निगम के खिलाफ सोमवार को मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की और खिरनीबाग चौराहे पर जाम लगाकर विरोध जताया। सुबह करीब दस बजे सफाई कर्मचारी नगर निगम में एकत्रित हुए। यहां से नाजेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट की तरफ कूच किया। रास्ते में खिरनी बाग चौराहे पर धरना देकर विरोध जताया। कर्मचारी नेता मुरारी लाल भास्कर ने कहा कि नगर निगम ने टेंडर देकर शहर को चार जोन में बांटने का काम किया है। इसका विरोध कर्मचारी कर रहे हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज मिश्रा ने पहुंचकर कर्मचारियों को समझाकर धरना खत्म कराया।