गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने के बाद उसे बुधवार को रात 12 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही उस पर बड़ी संख्या में वाहन फर्राटा भरने लगे। अभी एक्सप्रेसवे प्रायोगिक दौर में होने के कारण उस पर रफ्तार भरने वाले किसी भी श्रेणी के वाहन से कोई टोल शुल्क नहीं लिया जा रहा है। शाहजहांपुर जिले में बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे तक कलक्टरगंज के टोल प्लाजा से करीब 450 वाहन आवाजाही कर चुके थे। हर घंटे तकरीबन 40 वाहन गुजरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम से पूरब को जोड़ने वाले 594 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का मंगलवार को हरदोई जिले के मल्लावां में उद्घाटन कर उसे आम जनता को समर्पित किया था। इसके बाद गंगा एक्सप्रेसवे आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया गया। टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं का काम देख रहे अडानी ग्रुप के भगत सिंह ने बताया कि अभी गंगा एक्सप्रेसवे को ट्रायल बेस पर शुरू किया गया है। टोल प्लाजा, वाहनों के आवागमन सहित एक्सप्रेसवे पर की गईं विभिन्न व्यवस्थाओं की उपयोगिता परखी जा रही है।