शाहजहांपुर में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई एजुकेटर की चयन प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए आवेदकों ने बुधवार को विकास भवन में हंगामा किया। आरोप है कि मानकों को दरकिनार कर सूची जारी की गई। सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह ने आश्वासन देकर शांत किया है। ईसीसीई एजुकेटर के 168 पदों के सापेक्ष करीब 5668 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें सीतापुर, हरदोई, मऊ समेत कई जिलों के अभ्यर्थी शामिल थे। जनपदीय चयन समिति के निर्देश पर अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया। बुधवार को विकास भवन सभागार में चयनित होने वालों के अभिलेख जांचने के लिए बुलाया गया। इस बीच अन्य अभ्यर्थी पहुंच गए। आरोप लगाया कि मानक को दरकिनार कर मेरिट सूची बनाई गई। पहले डीसी बालिका सोहन शुक्ला ने समझाने का प्रयास किया। इसके बाद बीएसए दिव्या गुप्ता समझाने पहुंची तो उनकी नहीं सुनी। काफी देर के बाद सीडीओ ने पहुंचकर अंतिम सूची न होने की बात कहकर शांत किया है।