शाहजहांपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बाहरी लोगों के हमले व लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। दोपहर में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस बीच नगर मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने आए तो उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया। कार्यकर्ता डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। डीएम ने मौके पर आकर ज्ञापन लिया। इसमें लाठीचार्ज की घटना में लिप्त पुलिसकर्मियों व बाहरी लोगों समेत सभी दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, जिला विस्तारक संदीप सागर, जिला संयोजक योगेंद्र मिश्रा, आयुष श्रीवास्तव, करन सिंह, हर्षिल ठाकुर आदि मौजूद रहे।