महिला अपराधों की विवेचना में लापरवाही पर सख्ती, नौ विवेचकों की जांच के आदेश - एसपी ने की समीक्षा बैठक, चार विवेचनाएं अपराध शाखा को स्थानांतरित - एक विवेचक से मांगा स्पष्टीकरण, सावन को लेकर सुरक्षा के भी दिए निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी संतकबीरनगर। महिला संबंधी अपराधों और गैंगस्टर एक्ट के मामलों की लंबित विवेचनाओं में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित अर्दली रूम में समीक्षा के दौरान नौ विवेचकों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए, जबकि एक विवेचक से स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं चार विवेचनाओं को संबंधित थानों से हटाकर अपराध शाखा को स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया। एसपी ने क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय की मौजूदगी में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विवेचकों, हेड मोहर्रिरों और संबंधित कर्मचारियों के साथ लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। बैठक में गैंगस्टर एक्ट के साथ ही हत्या, दहेज हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, शीलभंग, छेड़खानी तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज मामलों की जांच की प्रगति पर बिंदुवार चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान एसपी ने विवेचकों को वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष तरीके से साक्ष्य जुटाने, गवाहों के समयबद्ध बयान दर्ज करने और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों और संगठित अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही यक्ष ऐप, ई-समन और एस-आईडी प्रणाली जैसे डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर विवेचना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में आगामी सावन पर्व को लेकर भी कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पैदल गश्त बढ़ाने, निरोधात्मक कार्रवाई करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करे।