सहारनपुर के नागल-गागलहेड़ी मार्ग पर खजुरवाला गांव के पास हुए सड़क हादसे में दो पशु व्यापारियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र के गांव कव्वाल निवासी हसरत और मालू के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों व्यापारी टेंपो में भैंस लेकर जा रहे थे। रास्ते में टेंपो का पहिया पंचर हो गया, जिसके बाद चालक और एक अन्य साथी पहिया ठीक कराने चले गए। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े टेंपो में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों व्यापारी टेंपो के नीचे दब गए। हसरत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मालू ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।