देवबंद। कालीपार क्षेत्र के सांपला खत्री गांव में एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों के देखे जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीण जाग गए, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में ग्रामीणों ने भी लाइसेंसी असलाहों से कई राउंड फायरिंग की। इसके चलते बदमाश फरार हो गए। लेकिन बदमाशों की दस्तक से गांव में दहशत का माहौल है। विभिन्न जनपदों से आ रही ड्रोन वाले चोरों की खबरों के बीच बृहस्पतिवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि सांपला खत्री गांव में हथियार बंद बदमाशों के देखे जाने से दहशत फैल गई। बताया गया कि बदमाशों की संख्या एक दर्जन से अधिक थी, जो इधर उधर फैले हुए थे। कुछ ग्रामीणों की उन पर नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचा दिया। देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों का दावा है बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग की, जवाब में ग्रामीणों की ओर से भी कई राउंड फायरिंग की गई। जिसके चलते वह फरार हो गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करते हुए उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बदमाशों की गांव में आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है जांच की जा रही है। गांव में आने वाले रास्तों पर जहां-जहां भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी फुटेज देखी जा रही है।