सहारनपुर जनपद में चोरों ने गांव अघ्याना रोड स्थित शनिदेव मंदिर का गेट तोड़कर लगभग चालीस हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। मंदिर के पुजारी ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। अघ्याना रोड स्थित श्री नवग्रह शनि शिला पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी पवन शर्मा ने बताया बुधवार रात वह अपनी पत्नी के साथ मंदिर का लोहे का गेट अच्छी तरह बंद करके घर चले गये थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब पौणे पांच बजे आकर देखा कि मंदिर का लोहे का गेट टूटा हुआ और कुछ सामान बाहर पड़ा मिला। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो वहां रखा इनवर्टर, बैटरा, पांच किलोवाट का स्टेबलाइजर, एम्प्लीफायर व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर गायब मिला। पुजारी ने बताया कि चोरों घटना को अंजाम देने से पहले कुछ दूरी पर स्थित बिजली खौभे से मंदिर का केबल हटाया और उसके बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए लोहे के गेट को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बताया कि मंदिर के बाहर लोहे का एक मुड़ा हुआ पाइप पड़ा मिला है, जिससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने पाइप की मदद से ही गेट को तोड़ा होगा। पुजारी ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब चालीस हजार रुपये बताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।