नकुड़ के गांव तिघरी रामगढ़ के जंगल में गौकशी की सूचना पर हिंदू संगठन के लोगों में रोष फैल गया। राष्ट्रीय बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने गोवंश को दबवा दिया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष राहुल कुमार, तहसील अध्यक्ष सम्राट, ब्लाॅक मंत्री शिवम बाबा, टिंकू, आयुष, अमन, हर्ष, मनीष व हिमांशु ने बताया कि शुक्रवार देर शाम उन्हें गांव तिघरी रामगढ़ के पास स्थित बिजलीघर के निकट झाड़ियों में गोवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि वहां एक गोवंश के अवशेष पड़े थे और उसमें काफी संख्या कीड़े पड़े हुए थे। गोवंश के अवशेष आसपास बिखरे हुए पड़े थे। उन्होंने गौकशी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाल संतोष त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद बताया कि गोवंश कईं दिन पुराना लग रहा है हो सकता है किसी ने गोवंश के मरने के बाद यहां डाल दिया होगा और कुत्तों ने इसे नोंचते हुए इधर-उधर डाल दिया हो। पुलिस ने मौजूद लोगों को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और जेसीबी बुलवाकर गोवंश के अवशेषों को से गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया है। ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उक्त स्थान पर इससे पूर्व भी कईं बार गोवंश के अवशेष पड़े देखे गए हैं।