सहारनपुर में थाना सदर बाजार क्षेत्र में दिल्ली रोड पर लगे ट्रेड फेयर मेले में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। दिल्ली रोड स्थित साउथ सिटी मैदान में पिछले करीब एक महीने से ट्रेड फेयर मेला लगा हुआ है। इसमें झूले, खिलौने की दुकानें, खाने के स्टॉल लगे थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे ट्रेड फेयर मेले में अचानक आग गई। जिस समय आग लगी है उस दौरान कुछ लोग ईद की नमाज पढ़ने के लिए गए थे, जबकि कुछ सो रहे थे। देखते ही देखते आग की लपटों ने मेले को चपेट में लिया। मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि आग में एक सिलिंडर भी फटा है, जिससे आग ने विकराल रूप धारण किया। दुकानदारों का कहना है कि मेला क्षेत्र में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। कुछ लोगों ने बिजली की शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग से कोई जनहानि की कोई सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। ----