लालगंज (रायबरेली)। सरेनी विधानसभा क्षेत्र में विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने इसे युद्धस्तर पर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। घर घर पहुंचकर मतदाता सूची का मिलान किया जा रहा है। बीएलओ मतदाताओं को गणना पत्रक बांट रहे हैं ताकि वे अपना विवरण ठीक से भर सकें। इस पूरे अभियान में कुल 418 बीएलओ को नियुक्त किया गया है। सभी को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश हैं। पुनरीक्षण कार्य 4 दिसंबर तक हर हाल में पूरा कर लिया जाना है। अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं और प्रगति का अपडेट ले रहे हैं। बीएलओ की ड्यूटी सुबह से शाम तक चल रही है। टीमें न सिर्फ घर घर जा रही है बल्कि उन परिवारों को भी संपर्क कर रही है। पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के सामने कई व्यावहारिक दिक्कतें विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण के तहत 2003 की मतदाता सूची और 2025 की सूची का मिलान करना है। इसके लिए बीएलओ मतदाताओं को दो अलग अलग पत्रक दे रहे हैं। इन्हें भरकर बीएलओ को लौटाना अनिवार्य है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि 2003 की मतदाता सूची काफी पुरानी और धुंधली है। अनेक पन्ने साफ नहीं हैं। इससे नाम, पता और क्रम संख्या समझना मुश्किल हो रहा है। इससे मिलान की प्रक्रिया धीमी हो रही है। शहरी क्षेत्रों में स्थिति और कठिन है। साल 2003 से 2025 के बीच कई बूथों का पुनर्गठन हुआ है। कई बूथ स्थानांतरित हो गए हैं तो कई नए बूथ बनाए गए हैं। पुराने बूथों का पता लगाना बीएलओ के लिए आसान नहीं है। उन्हें नक्शे, सड़क मार्ग और पुरानी जानकारी के आधार पर मेहनत से तलाश करनी पड़ रही है। इन चुनौतियों के बावजूद बीएलओ तेजी से काम में जुटे हैं। लक्ष्य है कि हर मतदाता का रिकॉर्ड सही करके संशोधित सूची समय पर तैयार हो सके।