लालगंज (रायबरेली)। कस्बे की नवीन कृषि मंडी के गेट नंबर एक के सामने बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक सामने से आ रहे पिकअप के नीचे जा घुसा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना का यह वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरेनी थाना क्षेत्र के हमीरगांव निवासी अर्पित बाजपेई (27) पुत्र राजाबाबू बाइक से बेहटा चौराहा की ओर जा रहे थे। अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। पल भर में वह सामने से आ रहे पिकअप वाहन के नीचे जा घुसे। चालक ने तुरंत वाहन रोका और राहगीरों की मदद से घायल युवक को बाहर निकाला। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पिकअप वाहन पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।