परशदेपुर(रायबरेली)। परशदेपुर क्षेत्र के साधन सहकारी समितियों से यूरिया खाद गायब है। निजी दुकानदारों से किसान महंगे दामों पर यूरिया खाद लेने को विवश है। क्षेत्र के साधन सहकारी समिति पदमनपुर बिजौली ,साधन सहकारी समिति संसारी, सहकारी संघ परशदेपुर सहित अन्य समितियों से यूरिया खाद गायब है। किसान निजी दुकानदारों से मजबूरन महंगे दामों पर खाद लेने को विवश है। इस समय किसानों को गेंहू में डालने के लिए यूरिया की सबसे अधिक जरूरत है वहीं समितियों पर खाद न मिलने से निजी दुकानदार किसानों को महंगे दामों पर सल्फर के साथ यूरिया दे रहे है।किसान समितियों पर खाद लेने के लिए पहुचते है तो समिति पर ताला लगा देख उनको बैरंग वापस लौटना पड़ता है। परशदेपुर कस्बा निवासी शोभनाथ ने बताया कि समिति पर खाद न मिलने से निजी दुकानदार महंगे दामों पर सल्फर के साथ खाद दे रहे है। कमला देवी ने बताया कि भइया समिति पर हमेशा ताला ही लगा रहता है कबहू खाद आयूगा तौ बड़ी बड़ी लाइन लग जात है और बाहर के लोगन का खाद देत है इहा के लोगन का खाद नही मिल पावत। सचिव संजय तिवारी ने बताया कि 600 बोरी यूरिया खाद की डिमांड पांच दिन पहले भेजा गया है खाद आते ही किसानों में विरतण किया जाएगा।