रायबरेली के गौनहा गांव में मंगलवार की शाम पागल सियार ने हमला कर तीन लोगों को बुरी तरह जख्मी कर दिया। हमले से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद सियार को मार गिराया। गांव निवासिनी आरती पत्नी ओमप्रकाश और परिवार की ही खुशबू पुत्री राम सुमेर खेत में धान काट रही थीं। तभी अचानक एक पागल सियार वहां पहुंच गया। सियार ने खुशबू पर हमला कर दिया। आरती ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। पास में मौजूद राम शंकर ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर सियार को भगाने का प्रयास किया। मगर सियार ने उन पर भी झपट्टा मारकर काट लिया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े। घटना से आसपास अफरा तफरी मच गई। ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। घेरकर सियार को मार डाला। इसके बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार विमल ने बताया कि घायलों के चेहरों और हाथों पर गहरे घाव हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।