अयोध्या में लेखपाल को एंटी करप्शन टीम की ओर से रिश्वत लेते पकड़े जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शुक्रवार को विरोध जताया। लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर कार्रवाई का विरोध किया। तहसील अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की तरफ से की गई कार्रवाई की निंदा की। कहा कि अयोध्या के लेखपाल उत्कर्ष दीप को षड्यंत्रपूर्वक रिश्वत लेते फंसाया गया है। उनका आरोप है कि एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेखपालों ने संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर आंदोलन तेज किया जाएगा। लेखपालों ने धरना प्रदर्शन करने की भी बात कही। इस मौके पर उमाकांत तिवारी, मनीष कुमार, प्रियम पांडेय, आशीष कुमार, मनमोहन पांडेय, आलोक सिंह, ऋषिकांत, आशीष सैनी सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।