ऊंचाहार (रायबरेली)। गोकना घाट पर गंगा नदी के जलस्तर में शुक्रवार को भी बढ़ोत्तरी हुई। घाट पर बीते 24 घंटों में लगभग डेढ़ फीट जल बढ़ा है। घाट पर जगह न होने से शवों का अंतिम संस्कार शवदाह शेड के नीचे किया जा रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर से वहां का दृश्य डरावना होता जा रहा है। लोग स्नान करने में डर रहे हैं। हालांकि उनकी सुरक्षा के लिए नाली में रस्से से बैरिकेडिंग की गई है। लोगों को उसके आगे जाने पर मनाही है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार शंभूशरण पांडेय ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। नाव - नाविकों को मुस्तैद रहने को कहा। लेखपालों कुछ टीम को घाट पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस हफ्ते हो रही तेज बारिश से नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। गंगा की सहायक नदियों के रास्ते नदी में भारी मात्रा में पानी पहुंच रहा है। इससे नदी उफान पर है। नदी में जलीय जीवों के आने का भी खतरा बढ़ा गया है। मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के सचिव जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इस बीते 24 घंटों में घाट पर लगभग डेढ़ फीट पानी बढ़ा है। लोगों को स्नान के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। स्थानीय प्रशासन घाट की निगरानी करा रहा है।