रायबरेली में सावन के सोमवार पर रायबरेली के शिवालयों में भक्तों की भीड़ देखी गई। पंचेश्वर महादेव मंदिर (जमुरावां), सिद्धेश्वर महादेव मंदिर (मोन), सोमनाथ महादेव मंदिर (मोन), कैरेश्वर महादेव मंदिर (कैर), दानेश्वर महादेव मंदिर (कस्बा), बालेश्वर बाबा, जगमोहनेश्वर महादेव, भवरेश्वर मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, चतुर्भुज बाबा शिव मंदिर (शिवगढ़, नरेथुवा) और आदि शंकराचार्य धाम (सरेनी) जैसे प्रमुख मंदिरों में भक्तों ने भारी संख्या में पहुंचकर जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भस्म और फूल आदि चढ़ाकर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में सामूहिक रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। डलमऊ में भक्तों ने गंगा के विभिन्न घाटों पर स्नान किया और मन्नतें मांगीं। नागेश्वर महादेव मंदिर में विशेष भीड़ देखी गई, जहां भक्तों ने जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया।