यूपी के रायबरेली में अवैध कब्जा हटाने गए नायब तहसीलदार के साथ सतांव गांव में गाली-गलौज की गई। साथ ही जानमाल की धमकी दी गई। इससे राजस्वकर्मियों में नाराजगी है। सभी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि बथुआखास गांव निवासी हरिकृष्ण उर्फ हरिकिशन को 20 साल पहले पांच बिस्वा बंजर भूमि का पट्टा मिला था। जमीन पर गांव के ही सुरेश ने कब्जा कर लिया था। हरिकृष्ण की शिकायत पर नायब तहसीलदार रमाशंकर मिश्रा, रामानुज दीक्षित, कानूनगो राजपाल यादव के साथ सोमवार को पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर गए थे। इस दौरान हरिकृष्ण और सुरेश के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। विवाद के दौरान सुरेश की तरफ एक व्यक्ति ने फोन करके नायब तहसीलदार के साथ गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी। इसकी जानकारी नायब तहसीलदार ने बुधवार को एसडीएम सदर प्रफुल्ल शर्मा को बताई। इस दौरान नायब तहसीलदार रो पड़े। उन्होंने कहा कि उनके साथ गलत किया गया है। घटना पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। तहरीर देकर कार्रवाई कराने की बात कही। गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।