रायबरेली में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को शहर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डॉयट) के अलावा मिनी स्टेडियम सलोन, गन्ना कांटा मैदान सतांव में सामूहिक विवाह हुआ। 227 जोड़े एक दूजे के हो गए। अग्नि के सात फेरे लेकर सभी जोड़ों ने सात जन्म तक साथ रहने की कसम खाई। वधुओं को दिए गए 10-10 हजार का समान दिया गया। 35-35 हजार रुपये खातों में भेजे जाएंगे। डॉयट में सीडीओ अर्पित उपाध्याय, एडीएम प्रशासन, सिद्धार्थ, एएसपी संजीव सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा व परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। यहां 82 जोड़ों का ब्याह कराया गया। इसमें राही के 18, अमावां के 13, डलमऊ के 13, दीनशाहगौरा के सात, ऊंचाहार के 15, जगतपुर के तीन, रोहनियां के 10 और नगर पालिका परिषद रायबरेली के तीन जोड़ों की शादी हुई। मिनी स्टेडिम सलोन में 54 जोड़ों का विवाह हुआ। यहां सलोन के सात, छतोह के 11, डीह के 33, नगर पंचायत परशदेपुर के तीन जोड़े शामिल हुए। सतांव के गन्ना कांटा मैदान में सामूहिक विवाह हुआ। यहां बछरावां के 25, हरचंदपुर के 10, सतांव के दो, खीरों के चार, सरेनी के छह, महाराजगंज के 28, शिवगढ़ के11, नगर पंचायत बछरावां के दो, नगर पंचायत शिवगढ़ के तीन जोड़े सहित कुल 91 जोड़ों का विवाह हुआ। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने बताया कि प्रत्येक जोड़ों को वस्त्र, चांदी के आभूषण, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, ट्रॉली बैग उपहार में दिए गए। सभी के खातों में 35-35 हजार रुपये इसी माह भेजे जाएंगे।