रेलवे स्टेशन पर सोमवार को पैसेंजर ट्रेन से उतरते समय एक यात्री का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। साकेत नगर मोहल्ला निवासी तेज बहादुर (40) अपने पैतृक गांव निहस्था से ट्रेन में सवार होकर लालगंज आ रहा था तभी रायबरेली की ओर जा रही ट्रेन संख्या 04248 पैसेंजर के स्टेशन पहुंचने पर वह चलती ट्रेन से उतरने लगा। उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया। जिससे वह प्लेटफार्म पर दूर तक घिसटता चला गया। इससे उसे गंभीर चोटें आ गई। स्टेशन में मौजूद आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरपीएफ चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरविंद ने बताया कि युवक चलती ट्रेन से उतर रहा था। संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर कर घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।