रायबरेली के बांदा जिला प्रशासन से न्याय नहीं मिला तो पीड़ित अपने परिवार के साथ पदयात्रा कर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए निकल पड़ा। बृहस्पतिवार को जब पीड़ित बछरावां पहुंचा तो बताया कि कई बार बांदा के प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब मुख्यमंत्री से मिलकर व्यथा बताएंगे। बांदा जिले के पल्हरी बबेरू गांव रहने वाले बसंतलाल ने बताया कि 12 सितंबर को गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया। उसने इसका विरोध किया तो उन्हें व उनके परिवार वालों को मारा पीटा गया। अभद्रता की गई जिसका मुकदमा भी नहीं दर्ज हुआ। वह लगातार बांदा प्रशासन से न्याय की गुहार लगाता रह रहा लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इससे परेशान होकर वह अपनी बहन मंजू (28), बेटी रेशमा (16), शिवानी (14), आकांक्षा (12), दिव्या (9) के साथ पैदल लखनऊ के लिए निकला, जहां वह मुख्यमंत्री से अपनी आप बीती बताएगा। न्याय नहीं मिला तो परिवार के साथ लखनऊ इको गार्डेन में अपनी बहन बेटियों के साथ क्रमिक अनशन करेगा।