रायबरेली के खीरों कस्बा के मुख्य चौराहा पर आए दिन जाम लगा रहता है। इससे इस सड़क से गुजरने वाली एम्बुलेंस जाम में फंस जाती हैं। मरीजों की जिंदगी पर खतरा बन जाता है। वहीं छोटे बड़े वाहनों के साथ राहगीरो को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीणों का कहना है कि दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर कर लिया है। दुकानों के सामने ग्राहकों के दो पहिया व चार पहिया वाहन खड़ा करा देते हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। यदि कोई इन वाहनों को हटाने को कहता है तो ग्राहक व दुकानदार के बीच विवाद होता है। खीरों थाने में इस समय 22 उपनिरीक्षक सहित सैकड़ों पुलिस कर्मी मौजूद रहते है । करीब आठ हजार की आबादी वाले इस खीरो कस्बा के मुख्य चौराहा पर खीरो थाने से दो नंबर जीप के साथ एक उप निरीक्षक व अन्य पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर भेजा जाता है। सभी पुलिस कर्मी जाम की इस समस्या को नजरंदाज कर एक होमगार्ड व चालक को दो नंबर जीप में छोड़ चौराहा से नदारद रहते हैं। इससे जाम की समस्या बनी रहती है।