पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र में दहशत का पर्याय बनी बाघिन मंगलवार रात टांडा कॉलोनी में पहुंच गई। बाघिन टांडा कॉलोनी निवासी शंकर मंडल के घर के आंगन से होकर गुजर गई। बुधवार सुबह घर के निकट खेत में बाघिन के पंजे देखने के बाद लोग एकत्र हुए। इसके बाद देखा तो शंकर मंडल के घर के आंगन में भी बाघिन के पंजे दिखाई दिए। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ड्रोन की मदद से बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास शुरू किए। बाघ मित्रों की टीम को भी क्षेत्र में लगाया गया है। हालांकि बाघिन की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।