पीलीभीत में लगातार दो दिन से जारी बारिश ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अधिकांश इलाकों में जलभराव की समस्या आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सोमवार सुबह हालात का जायजा लेने प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम वित्त एवं राजस्व रितु पुनिया और सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन टीम के साथ गांधी स्टेडियम रोड, अशोक कॉलोनी समेत कई प्रभावित इलाकों में पहुंचे। अधिकारियों ने वहां की स्थिति का निरीक्षण किया और जलभराव से परेशान लोगों से बातचीत की। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जलभराव को दूर करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं प्रशासन की टीम ने जलनिकासी की व्यवस्था को तेज करने और नालियों की सफाई पर भी जोर दिया।