पीलीभीत में ठगी पीड़ित परिवार के लोगों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। प्रदर्शन के बाद लेकर अपर जिलाधिकारी अजीत परेश को ज्ञापन दिया। जिसमें आरोपी कंपनियों पर कार्रवाई करने के साथ रकम वापस दिलाए जाने की मांग की। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले काफी संख्या में लोग बीते एक सितंबर से कलक्ट्रेट परिसर में धरना दे रहे हैं। इन लोगों ने विभिन्न कंपनियों में निवेश किया। आरोप है कि कंपनियों उनका पैसा वापस नहीं दे रही हैं। मंगलवार को काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए और बैठक कर जुलूस निकालने व प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई। ये लोग धरनास्थल से टनकपुर हाईवे होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद अपर जिला अधिकारी को ज्ञापन दिया। ठगी पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि कंपनियों में काफी संख्या में धनराशि जमा है। अभी तक भुगतान नहीं हो सका।