पीलीभीत में रविवार को नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। शबद कीर्तन और गुरवाणी की मधुर ध्वनि के बीच पूरा शहर धार्मिक उल्लास और सौहार्द के रंगों में रंगा नजर आया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया, वहीं विभिन्न संप्रदायों के लोगों ने जलपान की व्यवस्था कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। रविवार को गुरु जेवी पातशाही गुरुद्वारा से नगर कीर्तन का शुभारंभ हुआ। संगत 'वाहेगुरु सतनाम वाहेगुरु' के जयघोष के साथ नगर भ्रमण पर निकली। नगर कीर्तन लकड़ी मंडी, रोडवेज, नौगवां चौराहा, फ्लाईओवर, डिग्री कॉलेज चौराहा, टनकपुर-बरेली हाईवे, छतरी चौराहा, स्टेशन रोड, सुनगढ़ी, सब्जी मंडी और कोतवाली होते हुए पुनः गुरुद्वारे में पहुंचकर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन के दौरान संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का नमन कर अरदास की। आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत किया। इस दौरान गतका पार्टी ने रोमांचक करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने साहस और कौशल का प्रदर्शन करते हुए धर्म और परंपरा के गौरव को दर्शाया। करतबों को देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हुए।