पीलीभीत जिले में एक बार फिर बाघ के हमले से जनहानि हुई है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बराही रेंज की नवदिया बीट से सटे ग्राम टांडा छत्रपति निवासी छोटे लाल (45 वर्ष) पुत्र खेमकरन पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह छोटेलाल का अधखाया शव खेत में मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शव की स्थिति बाघ के हमले की ओर इशारा करती है। टीम पगचिह्नों के आधार पर बाघ की मौजूदगी का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। सूचना पर सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया कोतवाल पवन कुमार पांडे के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने ग्रामीणों ने समझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।