पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को 16.7 करोड़ से बेहतर बनाया जाएगा। यह काम अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 फरवरी (सोमवार) को इसका शिलान्यास करेंगे। रेलवे अधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण भी किया। स्टेशन के वेंडरों की दुकान भी देखी। जरूरी निर्देश दिए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि पीलीभीत स्टेशन को अमृत भारत योजना से संवारा जाएगा। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, यातायात व्यवस्थाएं, आधुनिक शौचालय, प्रकाश, पेयजल और अन्य यात्री सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। सोमवार को प्रधानमंत्री इसका शिलान्यस करेंगे। कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण होगा। जिले के जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल होंगे।