पीलीभीत के कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात टनकपुर हाईवे पर नेहरू पार्क के पास थार और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक अखिलेश घायल हो गया। टक्कर के बाद कार का एयरबैग खुल गया था।
बताया गया कि कार चालक नकटादाना चौराहा की ओर से आ रहा था, जबकि थार गाड़ी गौहनिया चौराहा से नकटादाना की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कार चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद दोनों वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात सुचारू कराया गया।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।